
1995 में रिलीज़ हुई फिल्म बेवफा सनम का मशहूर गाना दिल पे चलाई छूरियां एक बार फिर सुर्खियों में है। इस गाने का नया वर्जन इन दिनों YouTube पर जबरदस्त तरीके से ट्रेंड कर रहा है और दर्शक इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

90 के दशक का हिट गाना ‘दिल पे चलाई छूरियां’ नए अवतार में YouTube पर ट्रेंडिंग, 5 दिन में मिले 1.4 करोड़ व्यूज
नई दिल्ली:
1995 की सुपरहिट रोमांटिक ड्रामा फिल्म बेवफा सनम का पॉपुलर गाना दिल पे चलाई छूरियां एक बार फिर चर्चा में है। इस आइकॉनिक गाने का नया वर्जन इन दिनों YouTube पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है। इस म्यूजिक वीडियो को केवल 5 दिनों में 1 करोड़ 40 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और हर सेकंड इसके व्यूज तेजी से बढ़ रहे हैं।
इस बार गाने को एक नया ट्विस्ट मिला है—सोनू निगम की soulful आवाज में पेश किए गए इस वर्जन को राजू कलाकार ने अपनी अनोखी स्टाइल के साथ पेश किया है। राजू कलाकार अपने “टाइल्स के दो टुकड़ों” से म्यूजिक देने के लिए सोशल मीडिया,YouTube पर पहले ही मशहूर हो चुके हैं।
वीडियो में कच्चा बादाम गर्ल फेम अंजलि अरोड़ा भी नजर आ रही हैं, जिन्होंने अपनी ग्लैमरस परफॉर्मेंस से गाने को और भी पॉपुलर बना दिया है। उनके साथ राजू कलाकार के अलावा सोशल मीडिया के चर्चित चेहरे जैसे राजन अरोड़ा, दीपक गर्ग और ऋषभ शुक्ला भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं।
इस म्यूजिक वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहा है।
एक यूजर ने लिखा, “सोनू निगम सर को धन्यवाद, जिन्होंने इस कलाकार को एक नई पहचान दी।”
दूसरे ने कमेंट किया, “30 साल बाद ये गाना ट्रेंड कर रहा है, ये वाकई कमाल है।”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “गजब यार! मजेदार कोलाब है।”
जबकि किसी ने कहा, “90s का जबरदस्त मेकओवर 21वीं सदी में देखने को मिला।”
जानकारी के लिए बता दें कि दिल पे चलाई छूरियां गाना फिल्म बेवफा सनम का है, जिसमें कृष्णा कुमार और शिल्पा शिरोड़कर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म और इसके गाने दोनों ने ही उस दौर में बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया था।
अब इस गाने का नया वर्जन फिर से लोगों के दिलों पर राज कर रहा है और 90 के दशक की यादें ताजा कर रहा है।